ईरान पर हमले के संबंध में मोदी की इजराइल यात्रा के दौरान कोई चर्चा नहीं हुई : सरकार
ईरान पर हमले के संबंध में मोदी की इजराइल यात्रा के दौरान कोई चर्चा नहीं हुई : सरकार
नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25-26 फरवरी को हुई इजराइल यात्रा का जिक्र करते हुए बृहस्पतिवार को राज्यसभा में सवाल किया गया कि क्या सरकार को एक दिन बाद ही ईरान पर हुए हमले की जानकारी थी? इसके जवाब में सरकार ने कहा कि ‘‘इस मामले से संबंधित कोई चर्चा नहीं हुई।’’
केरल से इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) सांसद अब्दुल वहाब ने विदेश मंत्रालय से प्रधानमंत्री मोदी की फरवरी में हुई यात्रा के दौरान भारत और इजराइल के बीच हस्ताक्षरित समझौतों, समझौता ज्ञापनों और अन्य संधियों की जानकारी मांगी।
उन्होंने यह सवाल भी किया कि क्या सरकार को अगले ही दिन ईरान पर हुए सैन्य हमले की जानकारी थी?
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने इस सवाल के लिखित जवाब में कहा, “इजराइल के प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी ने 25-26 फरवरी को इजराइल की राजकीय यात्रा की। इस यात्रा के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत-इजराइल साझेदारी के सभी पहलुओं के साथ-साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।”
सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, कृषि, मत्स्य पालन और जलीय कृषि, शिक्षा, वित्तीय सेवाएं, डिजिटल भुगतान, श्रमिकों की आवाजाही सहित कई क्षेत्रों में समझौते, समझौता ज्ञापन और आशय पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए।
उन्होंने ईरान पर हुए सैन्य हमले की जानकारी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, ‘‘इस मामले से संबंधित कोई चर्चा नहीं हुई।’’
भाषा अविनाश अमित
अमित

Facebook


