वीणा जॉर्ज हमला मामले में हत्या की कोशिश के सबूत नहीं मिले : केरल पुलिस
वीणा जॉर्ज हमला मामले में हत्या की कोशिश के सबूत नहीं मिले : केरल पुलिस
कन्नूर(केरल), 11 जून (भाषा) केरल पुलिस ने राज्य की पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज पर कथित हमले को लेकर केएसयू कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे में से सबूत नहीं मिलने का हवाला देते हुए हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराएं हटा दी हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह मामला 25 फरवरी को केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) के पांच कार्यकर्ताओं द्वारा कन्नूर रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन से संबंधित है। इन कार्यकर्ताओं ने राज्य में कथित चिकित्सा लापरवाही के मामलों के खिलाफ प्रदर्शन किया था और उस समय जॉर्ज भी वहां मौजूद थीं। पांचों कार्यकर्ताओं को मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था।
रेलवे पुलिस ने मामले में दर्ज प्राथमिकी में कार्यकर्ताओं पर मंत्री की हत्या की कोशिश करने और हथियार से उन पर हमला करने का आरोप लगाया था। इस घटना के बाद जॉर्ज को गले में दर्द की शिकायत की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस घटना के बाद कन्नूर जिले के कुछ हिस्सों में हिंसा भड़क गई थी और तब सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर कांग्रेस दफ्तरों पर कथित हमले किये थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विस्तृत जांच में मंत्री की जान लेने की कोशिश या उनके खिलाफ किसी हथियार के इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिला।
सूत्रों ने बताया कि जांच के तहत सीसीटीवी तस्वीरों समेत कई वीडियो रिकॉर्डिंग का विश्लेषण किया गया।
जांच के आधार पर तैयार आरोपपत्र को पुलिस ने संबंधित मजिस्ट्रेट की अदालत में दाखिल किया है जिसमें प्राथमिकी में शामिल हत्या की कोशिश और अन्य गंभीर अपराधों के आरोप हटा दिये गए हैं।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


