अन्नाद्रमुक के साथ सीट बंटवारा वार्ता में कोई अड़चन नहीं: भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख

अन्नाद्रमुक के साथ सीट बंटवारा वार्ता में कोई अड़चन नहीं: भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख

अन्नाद्रमुक के साथ सीट बंटवारा वार्ता में कोई अड़चन नहीं: भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख
Modified Date: March 19, 2026 / 03:18 pm IST
Published Date: March 19, 2026 3:18 pm IST

तिरुनेलवेली (तमिलनाडु), 19 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख नयनार नागेंद्रन ने 23 अप्रैल को होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से पहले सहयोगी अन्नाद्रमुक के साथ सीट बंटवारे की वार्ता में किसी भी तरह की अड़चन से बृहस्पतिवार को इनकार किया और कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या जल्द ही तय कर ली जाएगी।

उनका यह बयान अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी के भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए दिल्ली जाने के बाद आया है। राज्य की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले महीने चुनाव होना है।

नागेंद्रन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘सीट बंटवारे की बातचीत सुचारू रूप से चल रही है और इसमें कोई समस्या नहीं है…हम जल्द ही सीटों की संख्या तय कर लेंगे।’’

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सीबीआई और अन्य केंद्रीय एजेंसियां ​​दागी मंत्रियों के खिलाफ मामलों की जांच स्वतंत्र रूप से करती हैं और भाजपा को इन एजेंसियों के माध्यम से किसी को डराने-धमकाने की कोई जरूरत नहीं है।

विजय के नेतृत्व वाली टीवीके के इस दावे पर कि पार्टी को चुनाव में गठबंधन करने पर ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद और चुनाव में 90 सीट देने की पेशकश की गई, नागेंद्रन ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं शुरू से कहता आ रहा हूं कि भाजपा ने टीवीके के साथ गठजोड़ के लिए कभी कोई वार्ता नहीं की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर मैंने इस संबंध में कोई चर्चा नहीं की है।’’

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कन्याकुमारी और कोयंबटूर का दौरा करने की संभावना है, लेकिन तारीखें अभी तय नहीं हुई हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण समेत कई राष्ट्रीय नेताओं के चुनाव प्रचार के लिए तमिलनाडु आने की संभावना है।

भाषा सुभाष वैभव

वैभव


लेखक के बारे में