शबरिमला सोना चोरी मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा : केरल के देवस्वोम मंत्री
शबरिमला सोना चोरी मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा : केरल के देवस्वोम मंत्री
तिरुवंनतपुरम, 24 मई (भाषा) केरल के देवस्वोम मंत्री के. मुरलीधरन ने रविवार को कहा कि शबरिमला सोना चोरी मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को, चाहे वह किसी भी पार्टी का हो, बख्शा नहीं जाएगा।
मुरलीधरन ने कहा कि वह विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर से चोरी करने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वे चाहे कोई भी हों और चाहे किसी भी दल से संबंधित हों, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अपराधी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।’’
राज्य के स्वास्थ्य विभाग की भी जिम्मेदारी संभाल रहे मुरलीधरन ने यहा संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि दुनिया के अन्य हिस्सों में इबोला के सामने आये मामले को लेकर चिंतित होने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि भारत में अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है, और विदेश से आने वाले लोगों में शुरुआती लक्षणों का पता लगाने के लिए हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर कड़ी जांच प्रणाली स्थापित की गई है।
उन्होंने कहा कि केरल के प्रमुख रेलवे स्टेशन में भी ऐसी व्यवस्था स्थापित करने के निर्देश जारी किए गए हैं, क्योंकि विदेश से आए और अन्य राज्यों में उतरे कुछ लोग ट्रेन से दक्षिणी राज्य की यात्रा कर सकते हैं।
मंत्री ने कहा कि तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, कोझिकोड और कन्नूर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पृथकवास वार्ड स्थापित किए गए हैं और विदेश से आने वालों से आग्रह किया है कि बुखार, खांसी या खून के साथ दस्त जैसे शुरुआती लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकों से संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि सरकार ने सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है ताकि वहां आने वाले लोगों की बेहतर देखभाल की जा सके।
मुरलीधरन ने कहा कि तिरुवनंतपुरम में दूसरा सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित किया जाएगा, और अलाप्पुझा जिले के हरिपाद में एक नया मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा तथा पहले से मौजूद चिकित्सा महाविद्यालयों में और अधिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
भाषा धीरज सुभाष
सुभाष

Facebook


