भाजपा के चुनाव जीतने के बाद बंगाल में कोई घुसपैठ नहीं कर पाएगा : अमित शाह

Ads

भाजपा के चुनाव जीतने के बाद बंगाल में कोई घुसपैठ नहीं कर पाएगा : अमित शाह

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 04:18 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 04:18 PM IST

बालागढ़ (पश्चिम बंगाल), 23 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद पश्चिम बंगाल में “एक भी घुसपैठिये को” घुसने नहीं दिया जाएगा और यहां पहले से मौजूद अवैध प्रवासियों को “चुन चुन कर बाहर निकाला जाएगा”।

हुगली जिले के बालागढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने के लिए तैयार है।

राज्य में आज पहले चरण में विधानसभा की 152 सीटों के लिये मतदान हो रहा है।

शाह ने कहा, “आज पहले चरण का मतदान लगभग समाप्त हो चुका है, और यह बंगाल में मेरा 30वां कार्यक्रम है। पांच मई को दीदी का खेल खत्म हो जाएगा। बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।”

शाह ने यह आरोप लगाया कि घुसपैठ से राज्य की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा, “घुसपैठिए बंगाल के युवाओं की नौकरियां छीन रहे हैं, गरीबों का राशन खा रहे हैं और देश की सुरक्षा को कमजोर करने के लिए काम कर रहे हैं।”

अगले चरण के चुनाव के लिए भाजपा के अभियान को तेज करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने मतदाताओं से भाजपा का समर्थन करने का आग्रह किया।

उन्होंने रैली में कहा, “29 अप्रैल (दूसरे चरण का मतदान) को आपको कमल के चिन्ह के सामने वाला बटन दबाना है। यह सिर्फ किसी को विधायक बनाने या भाजपा सरकार बनाने के लिए है। यह बंगाल की धरती को घुसपैठियों से मुक्त कराने के लिए है।”

भाषा प्रशांत माधव

माधव