नामित मुख्यमंत्री शिवकुमार के नेतृत्व वाले कर्नाटक मंत्रिमंडल पर अभी कोई प्रस्ताव नहीं मिला: खरगे

नामित मुख्यमंत्री शिवकुमार के नेतृत्व वाले कर्नाटक मंत्रिमंडल पर अभी कोई प्रस्ताव नहीं मिला: खरगे

नामित मुख्यमंत्री शिवकुमार के नेतृत्व वाले कर्नाटक मंत्रिमंडल पर अभी कोई प्रस्ताव नहीं मिला: खरगे
Modified Date: May 31, 2026 / 01:51 pm IST
Published Date: May 31, 2026 1:51 pm IST

कलबुर्गी (कर्नाटक), 31 मई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि पार्टी नेतृत्व को कर्नाटक के नामित मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के नेतृत्व में बनने वाले राज्य के नए मंत्रिमंडल की संरचना को लेकर अभी तक कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है।

खरगे ने यह भी संकेत दिया कि मंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों और प्रमुख नियुक्तियों पर फैसला तीन जून को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के बाद विचार-विमर्श के आधार पर ही किया जाएगा।

खरगे ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सरकार गठन की प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा जारी है लेकिन पार्टी नेतृत्व के समक्ष अब तक कोई औपचारिक प्रस्ताव नहीं रखा गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें देखना होगा। (मंत्रियों की नियुक्ति को लेकर) अभी तक कोई प्रस्ताव नहीं आया है। प्रस्ताव आने के बाद इस पर चर्चा होगी कि कितने मंत्री और उपमुख्यमंत्री बनाए जाने चाहिए तथा इस पर भी कि क्या महत्वपूर्ण अध्यक्ष पदों को भी इसके साथ भरा जाना चाहिए।’’

खरगे ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह के बाद ही पार्टी को स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा, ‘‘इन सभी विषयों पर चर्चा चल रही है। हमें तीन जून के बाद पता चलेगा। अभी हमें इंतजार करना होगा।’’

उन्होंने मंत्रिमंडल का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किए जाने की संभावना के बारे में कहा, ‘‘वह (नामित मुख्यमंत्री) आठ या 10 मंत्रियों की नियुक्ति करेंगे या नहीं, इस संबंध में हमें उनका प्रस्ताव नहीं मिला है। प्रस्ताव आने के बाद पहले एक चरण पूरा किया जा सकता है और फिर 15 दिन या एक महीने बाद शेष पदों के लिए दूसरा चरण शुरू किया जा सकता है।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या दावेदारों को समायोजित करने के लिए कोई रूपरेखा पहले ही तैयार कर ली गई है, खरगे ने कहा कि चर्चा जारी है लेकिन पार्टी नेतृत्व को कोई अंतिम निर्णय नहीं बताया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह विचार है कि दूसरे चरण में शेष सदस्यों को भी समायोजित किया जाना चाहिए। इस तरह की चर्चा है लेकिन हमें अभी यह नहीं पता कि नामित मुख्यमंत्री वास्तव में क्या विचार कर रहे हैं। हमारे पास अभी कुछ नहीं आया है।’’

शिवकुमार के मुख्यमंत्री पद संभाल लेने के बाद कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के नए अध्यक्ष की नियुक्ति के मामले पर खरगे ने कहा कि नेतृत्व में बदलाव स्वाभाविक प्रक्रिया है और पार्टी उपयुक्त उत्तराधिकारी की तलाश कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह स्वाभाविक है। मौजूदा अध्यक्ष के पद छोड़ने के बाद किसी और को आना होगा। हम तलाश कर रहे हैं। हमें एक अच्छे व्यक्ति की पहचान करनी है और सही समीकरण पर भी विचार करना है।’’

आगामी चुनावी चुनौतियों से पहले संगठन को मजबूत करने में सक्षम नेता की जरूरत पर जोर देते हुए खरगे ने कहा कि पार्टी ऐसे व्यक्ति की तलाश कर रही है जो मिलकर और तेजी से काम कर सके।

उन्होंने कहा, ‘‘अब हमारे पास केवल करीब 24 महीने हैं। हमें ऐसे नेता की जरूरत है जो बहुत तेजी से काम कर सके और सभी को साथ लेकर चल सके।’’

भाषा सिम्मी अमित

अमित


लेखक के बारे में