नोएडा: युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दलित विधवा महिला से दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज
नोएडा: युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दलित विधवा महिला से दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज
नोएडा (उत्तर प्रदेश), आठ जून (भाषा) नोएडा पुलिस ने एक दलित विधवा महिला से कथित तौर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इस बीच, महिला ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ निगल लिया।
पुलिस के अनुसार, सूरजपुर क्षेत्र निवासी महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि पति की मृत्यु के बाद उसकी जान-पहचान प्रियांशु नामक युवक से हुई थी।
शिकायत के मुताबिक, प्रियांशु ने शादी का वादा कर उससे लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।
पुलिस उपायुक्त साद मियां खान ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर प्रियांशु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, महिला रविवार को अपना बयान दर्ज कराने सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कार्यालय पहुंची थी। इसी दौरान उसने तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि अस्पताल में महिला ने दावा किया कि उसने सल्फास की गोली खा ली है। इसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए सेक्टर-50 स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
हालांकि, पुलिस उपायुक्त साद मियां खान ने कहा कि मेडिकल जांच में अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि महिला ने कोई जहरीला पदार्थ खाया है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
भाषा सं मनीषा खारी
खारी

Facebook


