नोएडा, दस सितंबर (भाषा) थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के परथला गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह पोते को स्कूल बस में छोड़कर घर लौट रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।
थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान गढ़ी चौखंडी गांव निवासी शीला (65) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि शीला इंटर में पढ़ रहे अपने पोते को सुबह स्कूल बस में चढ़ाने गई थीं। पोते को बस में बैठाने के बाद वह वापस घर लौट रही थीं।
उन्होंने बताया कि परथला के पास डिवाइडर पार करते समय अज्ञात वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
भाषा सं मनीषा
मनीषा