नोएडा: फ्लैट के एसी यूनिट में लगी आग, कोई हताहत नहीं
नोएडा: फ्लैट के एसी यूनिट में लगी आग, कोई हताहत नहीं
नोएडा (उत्तर प्रदेश), चार जून (भाषा) नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र स्थित एक आवासीय सोसाइटी के फ्लैट में बृहस्पतिवार तड़के एसी की इनडोर यूनिट में आग लग गई, हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर-100 स्थित लोटस ब्लूबर्ड सोसाइटी के टावर-सात के एक फ्लैट में तड़के करीब सवा तीन बजे एसी की यूनिट में पटाखे जैसी आवाज के साथ आग लगने की सूचना मिली थी और बताया गया था कि फ्लैट में दो लोग फंसे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियों के साथ अग्निशमन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया।
चौबे ने बताया कि हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही फ्लैट में मौजूद दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए थे और सोसाइटी के अग्निशमन तंत्र की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में एसी में अत्यधिक गर्मी (ओवरहीटिंग) के कारण आग लगने की आशंका है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर जिले में इस वर्ष गर्मियों के दौरान एसी में आग लगने की घटनाओं में काफी वृद्धि देखी गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘अब तक एसी यूनिट में आग लगने से संबंधित 87 घटनाएं सामने आ चुकी हैं।’’
उन्होंने कहा कि हाल में स्पार्क मिंडा कंपनी में भी एसी यूनिट में आग लगने के बाद भीषण आग भड़क गई थी, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ था।
भाषा सं खारी
खारी

Facebook


