नोएडा: प्रेमी-प्रेमिका छत से कूदे, युवक की मौत
नोएडा: प्रेमी-प्रेमिका छत से कूदे, युवक की मौत
नोएडा, चार मई (भाषा) गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में एक युवक ने अपनी कथित प्रेमिका के साथ सोमवार सुबह एक मकान की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी जिससे युवक की मौत हो गई जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों कथित तौर पर आत्महत्या करने की नीयत से छत से कूद पड़े।
थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के चौड़ा गांव में घटी इस घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि युवती को उपचार के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह पांच बजे के करीब पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 22 के हनुमान मंदिर के पास रहने वाले पुनीत (उम्र 35 वर्ष) तथा कुमारी विद्या दास (उम्र 20 वर्ष) ने कथित तौर पर आत्महत्या करने की नीयत से एक मकान की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।
पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने पुनीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि विद्या दास की हालत गंभीर बनी हुई है।
विद्या को उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों एक दूसरे से कथित तौर पर प्रेम करते थे। उन्होंने बताया कि एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाला युवक चौड़ा गांव में किराए के मकान में रहता था, जबकि युवती नवादा गांव में रहती थी।
पुलिस को जांच में पता चला कि युवक से मिलने के लिए युवती रात के समय उसके घर पहुंची और दोनों पूरी रात साथ रहे, लेकिन सुबह दोनों ने छत से छलांग लगा दी।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं
मनीषा संतोष
संतोष

Facebook


