नोएडा प्रदर्शन: तनाव भड़काने वाला ‘भ्रामक’ वीडियो साझा करने के आरोप में राजद नेताओं खिलाफ मामला दर्ज
नोएडा प्रदर्शन: तनाव भड़काने वाला ‘भ्रामक’ वीडियो साझा करने के आरोप में राजद नेताओं खिलाफ मामला दर्ज
नोएडा (उत्तर प्रदेश), 15 अप्रैल (भाषा) नोएडा के श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रवक्ता प्रियंका भारती और कंचना यादव के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
राजद के नेताओं पर मध्यप्रदेश में हुई एक घटना को नोएडा में किए जा रहे श्रम विरोध प्रदर्शनों से जोड़ने और सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस मामले के बारे में पोस्ट करके तनाव भड़काने का आरोप लगाया गया है।
मध्य प्रदेश की घटना में एक व्यक्ति की पुलिस द्वारा पिटाई की गई थी।
पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के एक हैंडल और उस फेसबुक प्रोफाइल के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है, जो जितेंद्र शर्मा दौसा के नाम पर है।
अधिकारियों ने बताया कि उन पर मध्यप्रदेश का एक वीडियो साझा करने का भी आरोप है, जिसमें दावा किया गया है कि यह नोएडा की घटनाओं को दर्शाता है। सभी आरोपियों पर नोएडा में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान अफवाहें फैलाने का प्रयास करने का आरोप है।
नोएडा में फैक्टरियों के हजारों कामगारों ने वेतन वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार को हड़ताल शुरू कर दी थी। विरोध प्रदर्शन कई जगहों पर हिंसक हो गया, जिसके चलते आगजनी, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं।
पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों से निपटने के तरीके की कुछ हलकों में आलोचना हुई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि ‘‘हल्के बल’’ का प्रयोग किया गया था।
राजद के प्रवक्ता यादव और भारती ने इस घटना के बाद पीटे गए व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया और सार्वजनिक रूप से पुलिस की आलोचना की।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने कहा कि जितेंद्र कुमार दौसा द्वारा फेसबुक पर पोस्ट किया गया वीडियो वास्तव में मध्यप्रदेश के शाहडोल का है, जहां नशे में धुत एक व्यक्ति सार्वजनिक उपद्रव कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों ने इस वीडियो को यह झूठा दावा करते हुए साझा किया कि इसमें नोएडा में घटित घटनाओं को दर्शाया गया है और इन पोस्ट के साथ ही भ्रामक कैप्शन भी लगाए गए।
भाषा यासिर रंजन
रंजन

Facebook


