नोएडा : स्कूटी सवार दो बहनों के साथ छेड़छाड़, विरोध करने पर युवकों ने पिस्तौल दिखाई
नोएडा : स्कूटी सवार दो बहनों के साथ छेड़छाड़, विरोध करने पर युवकों ने पिस्तौल दिखाई
नोएडा, 27 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में थार सवार युवकों ने स्कूटी से जा रही दो सगी बहनों के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत की और विरोध करने पर उन्हें पिस्तौल दिखाकर धमकाया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
थाना सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार के मुताबिक, एक पीड़िता ने बृहस्पतिवार सुबह मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, बुधवार मध्य रात्रि करीब एक बजे पीड़िता अपने परिवार के साथ सेक्टर-73 से अपना मकान बदलने के बाद सेक्टर-52 जा रही थी। उसके माता-पिता सामान से भरी कार लेकर आगे चल रहे थे, जबकि वह अपनी बहन के साथ स्कूटी पर पीछे आ रही थी।
शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान काले रंग की थार में सवार युवकों ने उनका पीछा किया और अश्लील हरकते करने लगे। सेक्टर-52 के पास बदमाशों ने जीप से स्कूटी को ओवरटेक कर रोका और अभद्रता करने लगे। जब बहनों ने हिम्मत दिखाकर विरोध किया, तो आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर उनकी तरफ तान दी और शोर मचाने या पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद पीड़िताएं किसी तरह वहां से भागीं और सुबह परिजनों के साथ थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि थार जीप के नंबर और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
भाषा सं मनीषा तान्या
मनीषा

Facebook


