उत्तर मध्य रेलवे ने करीब 400 दिव्यांग लोगों को रोजगार प्रदान किया

उत्तर मध्य रेलवे ने करीब 400 दिव्यांग लोगों को रोजगार प्रदान किया

उत्तर मध्य रेलवे ने करीब 400 दिव्यांग लोगों को रोजगार प्रदान किया
Modified Date: July 26, 2026 / 11:15 am IST
Published Date: July 26, 2026 11:15 am IST

प्रयागराज (उप्र), 26 जुलाई (भाषा) उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण की दिशा में पहल करते हुए विभिन्न अनुबंधों के माध्यम से करीब 400 दिव्यांगों को उद्घोषक, ‘ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन’ (एटीवीएम) संचालक और अन्य पदों पर नौकरी प्रदान की है।

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि एनसीआर के महाप्रबंधक एनपी सिंह ने इस साल की शुरुआत से ही दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण की दिशा में प्रयास शुरू किए और तीन मंडलों- प्रयागराज, झांसी और आगरा को जहां भी संभव हो, दिव्यांग लोगों को नौकरी प्रदान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि इस दिशा में उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों ने विभिन्न अनुबंधों के आधार पर करीब 400 दिव्यांग लोगों को विभिन्न पदों जैसे ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) संचालक, स्टेशन उद्घोषक, डेटा एंट्री ऑपरेटर, ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद’ (ओएसओपी) स्टॉल के संचालक और कई अन्य ग्राहक सेवाओं के पद पर तैनाती दी है।

शर्मा ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे ने अपने प्रयासों को केवल रोजगार के अवसर प्रदान करने तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि दीर्घकालीन सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में 100 दिव्यांग लोगों को प्रशिक्षुता योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण दे रहा है।

अधिकारी ने बताया कि रोजगार प्रदान करने की यह पहल एनसीआर के तीनों मंडलों के साथ ही विभिन्न कार्यशालाओं और उत्पादन इकाइयों में भी की जा रही है। इनमें से 200 दिव्यांग व्यक्ति प्रयागराज मंडल, 100 दिव्यांग व्यक्ति झांसी मंडल और 63 दिव्यांग व्यक्ति आगरा मंडल में नौकरी पर नियुक्त किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर एटीवीएम संचालक के तौर पर सात और स्टेशन उद्घोषक के तौर पर एक दिव्यांग व्यक्ति को रखा गया है, जबकि दो दिव्यांग उद्घोषक का प्रशिक्षण ले रहे हैं।

इसी तरह, झांसी स्टेशन पर एटीवीएम संचालक के तौर पर 10 दिव्यांग व्यक्तियों और ओएसओपी स्टॉल संचालक के तौर पर दो दिव्यांग व्यक्तियों को रोजगार दिया गया है, जबकि ग्वालियर स्टेशन पर पांच दिव्यांग व्यक्तियों को एटीवीएम संचालक के तौर पर नियुक्त किया गया है। आगरा कैंट स्टेशन पर चार दिव्यांग व्यक्तियों को एटीवीएम के तौर पर नियुक्त किया गया है।

शर्मा ने बताया कि अनुबंधित कर्मचारियों के अलावा, उत्तर मध्य रेलवे में 784 दिव्यांग स्थायी रूप से कार्यरत हैं जिनमें से 15 कर्मचारियों की नियुक्ति 2025-26 के दौरान की गई।

भाषा राजेंद्र गोला

गोला


लेखक के बारे में