नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने प्रमुख राष्ट्रीय परीक्षाओं में विषय विशेषज्ञ के रूप में पैनल में शामिल होने के लिए अनुभवी शिक्षकों, शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों से अभिरुचि-पत्र (ईओआई) आमंत्रित किए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘भारत की प्रमुख राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में शिक्षण संबंधी उत्कृष्टता, शैक्षणिक शुचिता और कठोर मूल्यांकन मानकों को बनाए रखने के प्रति उत्साही शिक्षक, शोधकर्ता और शिक्षाविद सीधे तौर पर परीक्षा तंत्र में अपना योगदान दे सकते हैं।’’
इस ईओआई को एनटीए के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से नौ अक्टूबर तक जमा किया जा सकता है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘योगदान के मुख्य क्षेत्रों में उच्च-स्तरीय सोच, अनुप्रयोग आधारित और पाठ्यक्रम के अनुकूल प्रश्न तैयार करना; वैचारिक सटीकता, स्पष्टता और कठिनाई के स्तर के लिए परीक्षा के प्रश्नों की सूक्ष्म जांच करना; मानकीकरण, तटस्थता और परीक्षा के ब्लूप्रिंट का पालन सुनिश्चित करना; तथा कई क्षेत्रीय भाषाओं में सटीक, सांस्कृतिक और भाषाई रूप से सही अनुवाद प्रदान करना शामिल है।’’
भाषा वैभव पवनेश
पवनेश