एनटीए ने ओएमआर शीट में गड़बड़ी के दावों को खारिज किया

एनटीए ने ओएमआर शीट में गड़बड़ी के दावों को खारिज किया

एनटीए ने ओएमआर शीट में गड़बड़ी के दावों को खारिज किया
Modified Date: July 21, 2026 / 01:07 am IST
Published Date: July 21, 2026 1:07 am IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने सोमवार को नीट के पुनर्परीक्षा देने वाले पांच अभ्यर्थियों की ओएमआर उत्तर पुस्तिका में कथित गड़बड़ी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि उनके द्वारा साझा की गई तस्वीरों में एआई या अन्य तरीकों से हेरफेर किया गया है।

एनटीए ने कहा कि घोषित परिणामों में अब तक कोई गलती साबित नहीं हुई है। एजेंसी ने चेतावनी दी कि फर्जी दस्तावेज या छेड़छाड़ की गई ओएमआर शीट पेश करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ उम्मीदवारी रद्द करने, परीक्षा से प्रतिबंधित करने सहित आपराधिक कार्रवाई की जा सकती है।

एजेंसी ने बताया कि वास्तविक ओएमआर शीट बारकोड, बुकलेट नंबर और उत्तर पुस्तिका संख्या से जुड़ी होती हैं, जबकि स्कोरकार्ड क्यूआर कोड के जरिए सर्वर रिकॉर्ड से जुड़े रहते हैं।

एजेंसी ने सत्यापन प्रक्रिया के दौरान पाया कि शिकायतों के साथ जमा की गई कई ओएमआर शीट फर्जी प्रतीत हो रही थीं या उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार किया गया था।

तीन मई को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर 21 जून को दोबारा आयोजित की गई थी। इसके परिणाम 16 जुलाई को घोषित किए गए, जिसमें 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल रहे।

भाषा राखी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में