ओडिशा: तीन पुरुषों को बच्चा चोरी के शक में पीटने पर 16 गिरफ्तार, 15 अन्य हिरासत में
ओडिशा: तीन पुरुषों को बच्चा चोरी के शक में पीटने पर 16 गिरफ्तार, 15 अन्य हिरासत में
बारीपदा, 24 फरवरी (भाषा) ओडिशा के मयूरभंज जिले के दो अलग-अलग इलाकों में बच्चा अपहरण के संदेह में एक व्यक्ति की हत्या और दो अन्य व्यक्तियों की पिटाई के मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 15 अन्य को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मयूरभंज के पुलिस अध्यक्ष वरुण गुंटुपल्ली ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को मोराडा पुलिस थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से अक्षम व्यक्ति की कथित तौर पर बच्चे की चोरी के संदेह में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति को बचाया। उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने बताया, ‘‘हमने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर 15 लोगों को हिरासत में लिया है और उनकी जांच जारी है। हत्या में संलिप्त पाए जाने वालों को अदालत में पेश किया जाएगा।’’
पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी।
गुंटुपल्ली ने बताया कि सोमवार देर रात बारीपदा सदर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में भी इसी तरह की एक घटना घटी, जहां कुछ लोगों ने दो पुरुषों की पिटाई की, क्योंकि उन्हें संदेह था कि पीड़ित बच्चे चुराने वाले गिरोह के सदस्य हैं।
भाषा सुरेश शोभना
शोभना

Facebook


