भुवनेश्वर, छह सितंबर (भाषा) ओडिशा सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों से उनके जिलों में सभी सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में स्थानों के नाम की संशोधित अंग्रेजी वर्तनी का एकरूपता और निरंतरता के साथ इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि ये वर्तनी उनके ओड़िया उच्चारण के अनुरूप हों।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरविंद पाधी ने शनिवार को सभी कलेक्टरों को भेजे पत्र में उन्हें सरकारी कार्यालयों और संस्थानों की नामपट्टिकाओं तथा साइनबोर्ड की व्यापक समीक्षा करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सरकार द्वारा मंजूर संशोधित वर्तनी का एक समान इस्तेमाल हो।
राज्य सरकार की ओर से 22 जून, 2026 को जारी राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, सरकारी कार्यालयों और संस्थानों को एक महीने के भीतर अपने साइनबोर्ड पर संशोधित वर्तनी अपनानी थी। निजी और गैर-सरकारी संस्थानों के लिए छह महीने की अवधि तय की गई थी। पत्र में कहा गया है कि कई जिलों में यह फैसला पहले ही सफलतापूर्वक लागू किया जा चुका है।
पत्र में कहा गया कि इन संशोधित वर्तनियों को सरकारी प्रतिष्ठानों में चरणबद्ध तरीके से अपनाया जा रहा है।
हालांकि, राज्य सरकार ने पाया है कि कुछ सरकारी कार्यालय अब भी अपने साइनबोर्ड पर पुराने अंग्रेजी नामों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
भाषा शफीक प्रशांत
प्रशांत