ओडिशा: बीजद संसद में कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दे उठाएगी
ओडिशा: बीजद संसद में कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दे उठाएगी
भुवनेश्वर, 27 जनवरी (भाषा) विपक्षी बीजू जनता दल ने मंगलवार को कहा कि वह संसद के बजट सत्र में ‘ओडिशा के किसानों की दुर्दशा और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था’ का मुद्दा उठाएगा।
बजट सत्र से पहले दिल्ली में आयोजित सर्वदलीय बैठक में भाग लेने के बाद बीजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद सस्मित पात्रा ने यह घोषणा की।
उन्होंने फोन पर बातचीत में ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक के निर्देशानुसार, मैंने आज सर्वदलीय बैठक में इन मुद्दों को उठाया। हमने सदस्यों को सूचित किया कि बीजद संसद में किसानों की दुर्दशा और कानून व्यवस्था के मुद्दों को उठाएगी।’
पात्रा ने कहा कि इसके अलावा, बीजद ओडिशा को विशेष दर्जा देने की मांग, कोयला रॉयल्टी में बदलाव न होने, बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं, महिलाओं के खिलाफ अपराधों और अल्पसंख्यक समुदाय, दलितों और आदिवासियों पर हमलों की घटनाओं से संबंधित मुद्दों को भी उठाएगी।
पात्रा ने कहा, ‘इन मुद्दों को संसद में और साथ ही राज्य के हर कोने में एक साथ उठाया जाएगा।’
उन्होंने आरोप लगाया कि उचित सरकारी नीतियों के अभाव के कारण किसान पीड़ित हैं।
पात्रा ने कहा कि बीजद सांसद संसद सत्र के दौरान महानदी नदी जल विवाद और पोलावरम परियोजना से संबंधित मुद्दे भी उठाएंगे।
भाषा
शुभम माधव
माधव

Facebook


