भुवनेश्वर, 11 अगस्त (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी 15 अगस्त को भुवनेश्वर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और सलामी लेंगे।
राज्य सरकार की ओर से जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, माझी शनिवार को यहां स्वतंत्रता दिवस समारोह में लोगों को संबोधित करेंगे। वहीं, उपमुख्यमंत्री के वी सिंह देव और प्रवती परिदा क्रमश: कालाहांडी और सुंदरगढ़ में तिरंगा फहराएंगे।
सभी मंत्रियों को अलग-अलग जिलों में ध्वजारोहण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी कटक में आयोजित समारोह में शामिल होंगे, जबकि पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक को अंगुल की जिम्मेदारी दी गई है।
स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड मलकानगिरी में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री के सी पात्रा को संबलपुर, कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन को गंजाम, स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग को रायगड़ा, परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना को कंधमाल और आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र को खुर्दा जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री गणेश राम सिंहकुंटिया पुरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे। वहीं, उच्च शिक्षा, खेल एवं संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज को बलांगीर, सहकारिता मंत्री प्रदीप बल सामंता को बालेश्वर, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री गोकुलानंद मल्लिक को गजपति और उद्योग मंत्री संपद चंद्र स्वैन को कोरापुट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अन्य जिलों में अधिकारी तिरंगा फहराएंगे। आरडीसी (केंद्रीय संभाग) जगतसिंहपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि आरडीसी (दक्षिणी संभाग) ब्रह्मपुर में समारोह में हिस्सा लेंगे।
बरगढ़, भद्रक, बौध, देवगढ़, ढेंकानाल, जाजपुर, झारसुगुड़ा, केंद्रपाड़ा, क्योंझर, मयूरभंज, नबरंगपुर, नयागढ़, नुआपाड़ा और सुबरनपुर जिलों में समारोहों का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी जिलाधिकारियों को सौंपी गई है।
राउरकेला के अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) इस्पात नगरी राउरकेला में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होंगे।
भाषा तान्या धीरज
धीरज