पाठ्यपुस्तकों में त्रुटियों के मामले में धर्मेंद्र प्रधान का अनुसरण कर इस्तीफा दें ओडिशा के शिक्षा मंत्री : पटनायक
पाठ्यपुस्तकों में त्रुटियों के मामले में धर्मेंद्र प्रधान का अनुसरण कर इस्तीफा दें ओडिशा के शिक्षा मंत्री : पटनायक
भुवनेश्वर, 27 जुलाई (भाषा) ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने सोमवार को स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने त्रुटियों से भरी पाठ्यपुस्तकें सरकारी स्कूलों में वितरित कराकर छात्रों के विश्वास को ‘‘तोड़ दिया है।’’
पटनायक की यह मांग कांग्रेस द्वारा एक दिन पहले यह चेतावनी दिए जाने के बाद आई कि यदि मंत्री एक सप्ताह के भीतर इस्तीफा नहीं देते हैं तो पार्टी ‘ओडिशा बंद’ का आह्वान करेगी। कांग्रेस ने पहली से आठवीं कक्षा तक की पाठ्यपुस्तकों में ‘हजारों त्रुटियों’ के लिए मंत्री को जिम्मेदार ठहराया है।
बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष पटनायक ने संवाददाताओं से कहा कि स्कूली पाठ्यपुस्तकों में इतनी बड़ी संख्या में त्रुटियां होना अस्वीकार्य है और इससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था में लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य के शिक्षा मंत्री श्री गोंड को धर्मेंद्र प्रधान का अनुसरण करते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। बीजू जनता दल पिछले दो-तीन सप्ताह से यही मांग कर रही है।’’
इस मुद्दे को लेकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) भी सोमवार को मास्टर कैंटीन चौक पर प्रदर्शन कर रही है।
धर्मेंद्र प्रधान ने नीट प्रश्नपत्र लीक के आरोपों को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बीच शनिवार को अपने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
ओडिशा के शिक्षा बोर्ड की पाठ्यपुस्तकों में 2,000 से अधिक त्रुटियां सामने आई हैं। इनमें प्रमुख त्रुटियों में वैज्ञानिक आइजैक न्यूटन को एक कुशल पायलट बताया जाना तथा ओडिशा की नियमगिरि पहाड़ियों को झारखंड में दर्शाया जाना शामिल है।
रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने पाठ्यपुस्तकों में ‘‘गंभीर त्रुटियों’’ का हवाला देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि गोंड एक सप्ताह के भीतर इस्तीफा नहीं देते हैं तो पार्टी राज्यव्यापी बंद का आह्वान करेगी।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव बिरंची नारायण त्रिपाठी ने बीजद के नैतिक रुख पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब बीजद सत्ता में थी और उसके कई मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, तब नैतिक आधार पर कितने मंत्रियों ने इस्तीफा दिया था।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पाठ्यपुस्तकों में हुई त्रुटियों की जांच ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी है।
इस मामले में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के एक पूर्व निदेशक को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा तीन सहायक निदेशकों को निलंबित कर दिया गया है और छह अन्य अधिकारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


