ओडिशा के गजपति जिले में शराब के नशे में हुई झड़प सांप्रदायिक दंगे में तब्दील, आठ लोग गिरफ्तार
ओडिशा के गजपति जिले में शराब के नशे में हुई झड़प सांप्रदायिक दंगे में तब्दील, आठ लोग गिरफ्तार
भुवनेश्वर, चार फरवरी (भाषा) ओडिशा के गजपति जिले में नशे में धुत लोगों के बीच हुई कहासुनी सांप्रदायिक झड़प में तब्दील हो गई, जिसमें 10 लोग घायल हो गए। इसके बाद आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम को मोहना थाना क्षेत्र के चांदीपुर गांव में हुई।
उन्होंने बताया कि हिंसा के दौरान एक स्थानीय नेता के घर पर हमला किया गया।
गजपति के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जतिंद्र कुमार पांडा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘हमने सांप्रदायिक झड़प के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और इसके आधार पर आठ लोगों को गिरफ्तार किया है एवं चार अन्य को हिरासत में लिया है।’
उन्होंने कहा, ‘गिरफ्तार किए गए लोग वे युवक हैं, जो नशे में हुई झड़प में शामिल थे। झड़प के सीसीटीवी फुटेज में वे दिखाई नहीं दिए, लेकिन हम मोबाइल टावर के माध्यम से उनका पता लगाने की पुष्टि कर रहे हैं। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकता है।’
पांडा ने कहा कि फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है।
उन्होंने कहा, ‘किसी भी तरह की और अधिक तनावपूर्ण स्थिति से बचने के लिए इलाके में सशस्त्र पुलिस की दो प्लाटून (60 जवान) तैनात की गई हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘दोनों समुदायों के नेता इलाके में पूरी तरह से सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास कर रहे हैं।’
एसपी ने बताया कि हिंसा के संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


