भुवनेश्वर, सात जून (भाषा) ओडिशा सतर्कता विभाग ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति के मामले में रविवार को एक सरकारी अभियंता को गिरफ्तार किया।
एक दिन पहले ही करोड़ों रुपये की संपत्ति बरामद की गई थी, जिसमें दो करोड़ रुपये से अधिक नकद, पांच बहुमंजिला इमारतें, 14 उच्च मूल्य के भूखंड, 500 ग्राम सोने के आभूषण और 45 लाख रुपये से अधिक की जमा राशि शामिल थी।
सतर्कता विभाग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, कंधमाल जिले के बालीगुडा में एकीकृत जनजातीय विकास एजेंसी (आईटीडीए) में कार्यरत सहायक अधिशासी अभियंता बैकुंठ नाथ बेहेरा को उनकी आय के वैध स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
सतर्कता विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बेहेरा से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी के दौरान विभाग को उनके और उनकी पत्नी के नाम पर कम से कम पांच लॉकर मिले हैं, जिनमें से एक लॉकर को अभी खोला जाना बाकी है।
सतर्कता विभाग के मुताबिक, बेहेरा 1999 में नवरंगपुर ब्लॉक में कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के रूप में 6,000 रुपये के मासिक वेतन पर सरकारी सेवा में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने नवरंगपुर और उदाला में आईटीडीए तथा अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों के तहत विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दीं।
उन्हें अक्टूबर 2016 में सहायक अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया और बाद में आईटीडीए, नवरंगपुर में तैनात किया गया। इसके बाद फरवरी 2026 में, उन्हें सहायक अधिशासी अभियंता के रूप में पदोन्नति मिली और वे आईटीडीए, बालीगुडा में तैनात हुए, जहां वे वर्तमान में कार्यरत हैं।
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत