ओडिशा: सरकारी अभियंता के पास सात भूखंड और भवन होने का खुलासा
ओडिशा: सरकारी अभियंता के पास सात भूखंड और भवन होने का खुलासा
भुवनेश्वर, 14 मई (भाषा) ओडिशा के भद्रक जिले में बृहस्पतिवार को एक सरकारी अभियंता के पास कथित तौर पर कई संपत्तियां पाईं गई जिनमें सात भूखंड और दो आवासीय भवन शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सतर्कता विभाग ने कनिष्ठ अभियंता से जुड़े चार स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई इस आरोप के बाद की गई कि कनिष्ठ अभियंता के पास उसकी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक संपत्तियां हैं।
अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान भ्रष्टाचार रोधी शाखा के कर्मियों ने सात भूखंडों का पता लगाया। उन्होंने कहा कि इन भूखंड़ों में से दो भद्रक कस्बे में, एक भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में, तीन बालासोर जिले के बस्ता कस्बे के बाहरी इलाके में और एक मयूरभंज जिले के अमर्दा में है।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान भद्रक में तीन मंजिला एक इमारत और बालासोर में दो मंजिला एक इमारत का पता चला।
अधिकारी ने बताया कि अचल संपत्तियों के अलावा 1.73 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और बैंक जमा राशि बरामद की गई।
एक अधिकारी ने बताया, “छापेमारी और संपत्तियों का सत्यापन जारी है।”
उन्होंने बताया कि बरामदगी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


