ओडिशा सरकार माओवाद प्रभावित 485 गांवों में खेल सामग्री वितरित करेगी
ओडिशा सरकार माओवाद प्रभावित 485 गांवों में खेल सामग्री वितरित करेगी
भुवनेश्वर, 15 मार्च (भाषा) ओडिशा सरकार माओवाद प्रभावित 10 जिलों के 485 गांवों में युवाओं को खेल सामग्री वितरित करेगी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
आधिकारिक बयान के अनुसार, खेल एवं युवा सेवा विभाग द्वारा ‘ग्रामोदय अभियान’ के तहत यह पहल की जा रही है, जिसका उद्देश्य दूरदराज और माओवाद प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ना और उनमें खेल प्रतिभा को बढ़ावा देना है। योजना के लिए विभाग ने कुल 2.42 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
इसमें कहा गया कि इस पहल से बरगढ़, बोलांगीर, बौध, कंधमाल, कालाहांडी, कोरापुट, मल्कानगिरि, नबरंगपुर, नुआपाड़ा और रायगढ़ जिलों के युवा लाभान्वित होंगे।
बयान के अनुसार, प्रत्येक चयनित गांव को 50,000 रुपये मूल्य की खेल सामग्री दी जाएगी। इसमें क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसे आउटडोर खेलों के उपकरणों के साथ-साथ शतरंज और कैरम जैसे इंडोर खेलों की सामग्री भी शामिल की जाएगी।
विभाग ने कहा कि ‘ग्रामोदय’ केवल सामग्री वितरण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति, प्रगति और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी है। इसका उद्देश्य दूरदराज क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को खेल के माध्यम से सामने लाना और युवाओं में स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देश से माओवादी गतिविधियों को समाप्त करने के लिए मार्च के अंत तक का लक्ष्य तय किया है।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


