भुवनेश्वर, 19 मई (भाषा) ओडिशा के ब्रह्मपुर शहर में एक व्यक्ति और उसकी महिला मित्र पर कथित तौर पर लोगों के एक समूह ने लाठियों से हमला किया और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इसको लेकर आक्रोश उत्पन्न हुआ।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार रात को उस समय हुई जब दोनों मोटरसाइकिल से जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि बिजीपुर इलाके में कुछ लोगों ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल को रोक लिया और व्यक्ति को सड़क पर गिराकर लाठियों से पीटा। पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा व्यक्ति को बचाने की कोशिश करने पर उस पर भी हमला किया गया जिसमें वह घायल हो गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों घायलों को एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ब्रह्मपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्रवण विवेक एम. ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टाउन पुलिस थाना, बैद्यनाथपुर पुलिस थाना और गोसानिनुआगांव पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंचीं।
अतिरिक्त महानिदेशक (कानून व्यवस्था) संजय कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया जतायी गई। विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार की आलोचना की।
पटनायक ने कहा कि ओडिशा में अराजकता का भयावह मंजर देखने को मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में गुंडाराज व्याप्त है। हमले को ‘अमानवीय’ बताते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे राज्य के लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ हो गए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन के कामकाज और राज्य सरकार द्वारा सार्वजनिक सुरक्षा के प्रबंधन पर सवाल उठाए। पटनायक ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और सरकार से आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
भाषा तान्या अमित
अमित