मिर्जापुर (उप्र), पांच अगस्त (भाषा) मिर्जापुर जिले के चील्ह क्षेत्र में एक निर्माणाधीन पुल के खंभे के लिये खोदे गये गड्ढे में भरे पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि चील्ह थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव में मंगलवार को निर्माणाधीन पुल के खंभे के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से किशन (सात) और उसके चचेरे भाई सत्यम (छह) की मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि दोनों लड़के घर से खेलने के लिए निकले थे लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजन ने उनकी तलाश शुरू की तो उनके शव गड्ढे में भरे पानी में पाये गये।
सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं मिर्जापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल ने बच्चों की मौत पर शोक जताया है।
भाषा सं सलीम सिम्मी शोभना
शोभना