ओडिशा : कटक में जादू-टोना के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या; 25 लोग गिरफ्तार
ओडिशा : कटक में जादू-टोना के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या; 25 लोग गिरफ्तार
कटक, 20 मई (भाषा) ओडिशा के कटक जिले में भीड़ ने एक व्यक्ति को उसके घर से घसीटकर बाहर निकाला, उस पर काला जादू करने का संदेह जताते हुए उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी और फिर सबूत मिटाने के लिए उसके शरीर को जला दिया, जिसके बाद 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 10 मई को हुई थी, लेकिन पीड़ित के पिता द्वारा पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के एक दिन बाद गिरफ्तारियां मंगलवार को की गईं।
शिकायत में श्वेता बेहरा ने दावा किया कि उनके बेटे, टिकिमा बेहरा को 10 मई को तलमुंडुली गांव में भीड़ ने घर से निकालकर पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पिता ने आरोप लगाया कि सबूत मिटाने के लिए उसके शव को जला दिया गया।
उन्होंने बताया कि सात साल पहले पत्नी द्वारा छोड़ दिए जाने के बाद टिकिमा बेहेरा गांव में अपने भाई और भाभी के साथ रह रहा था।
कटक (ग्रामीण) के एसपी विनीत अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया, “अब तक हमने गांव के 25 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर काला जादू करने के संदेह में उस व्यक्ति की हत्या करने का आरोप है। घटना की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है।”
उन्होंने कहा कि पुलिस ने मृतक का आंशिक रूप से जला हुआ शव और हड्डियां भी बरामद कर ली हैं।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


