ओडिशा: दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत, पांच लोग घायल

Ads

ओडिशा: दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत, पांच लोग घायल

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 09:10 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 09:10 PM IST

बालासोर, 11 फरवरी (भाषा) ओडिशा के बालासोर जिले में बुधवार को दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि नीलगिरी प्रखंड के तेलिपाली इलाके में एक ट्रक की टक्कर लगने से एक स्कूल के चपरासी की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद तेलिपाली हाई स्कूल के सैकड़ों नाराज विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग करते हुए मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि चपरासी की मौत सड़क की मरम्मत के लिए स्थानीय ठेकेदार द्वारा किराए पर लिए गए ट्रक की लापरवाही से हुई।

पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझाकर सड़क खाली करवाई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू की है।

एक अन्य दुर्घटना में सोरो थाना क्षेत्र के तलनगर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर एक कार के कंटेनर ट्रक से टकराने से हुए हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत गंभीर है।

पुलिस के मुताबिक, सभी घायलों को सोरो अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन बेहतर इलाज के लिए बाद में दो को बालासोर जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि पड़ोसी मयूरभंज जिले के कुलियाना से काकटपुर जा रही कार, कंटेनर से टकराकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।

पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने घायलों को खाई से बाहर निकाला।

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कंटेनर का चालक मौके से फरार हो गया और उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश