अस्पताल आग: ओडिशा के विपक्षी विधायकों ने मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

अस्पताल आग: ओडिशा के विपक्षी विधायकों ने मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

अस्पताल आग: ओडिशा के विपक्षी विधायकों ने मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
Modified Date: March 30, 2026 / 10:34 pm IST
Published Date: March 30, 2026 10:34 pm IST

भुवनेश्वर, 30 मार्च (भाषा) कटक के एक सरकारी अस्पताल में आग लगने से हुई12 मरीजों की मौत को लेकर ओडिशा विधानसभा की कार्यवाही बाधित करने के बाद, विपक्षी विधायकों ने सोमवार को राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति को एक ज्ञापन सौंपकर स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

बीजू जनता दल (बीजद), कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायकों के हस्ताक्षर वाले एक संयुक्त ज्ञापन में, विपक्षी सदस्यों ने कहा है कि अस्पताल में आग की घटना ने ओडिशा के लोगों को गंभीर पीड़ा पहुंचाई है और उन्हें गहरा सदमा पहुंचाया है।

उन्होंने राज्यपाल को सौंपी गई अपनी छह सूत्री मांगपत्र में कहा, ‘‘इस त्रासदी से राज्य में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा अवसंरचना के सुरक्षा मानकों, प्रशासनिक जवाबदेही और उनकी समग्र स्थिति के संबंध में गंभीर चिंताएं पैदा होती हैं।’’

स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफ के अलावा विपक्षी विधायकों ने हर मृत मरीज के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने के साथ-साथ प्रत्येक प्रभावित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, उड़ीसा उच्च न्यायालय के किसी मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाधीश के नेतृत्व में न्यायिक जांच कराने, सभी घायल मरीजों के लिए मुफ्त चिकित्सा उपचार और प्रत्येक को पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की मांग की।

ओडिशा सरकार ने इस अग्नि त्रासदी के सिलसिले में चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है, कुछ अधिकारियों का महत्वपूर्ण पदों से तबादला कर दिया है, सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश द्वारा अग्निकांड की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग का गठन किया है।

सरकार ने प्रत्येक पीड़ित परिवार के लिए 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है और विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक तथ्य-खोज दल द्वारा उच्च स्तरीय जांच की घोषणा की है।

भाषा राजकुमार रंजन

रंजन


लेखक के बारे में