ओडिशा: 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक छात्र उत्तीर्ण

ओडिशा: 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक छात्र उत्तीर्ण

ओडिशा: 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक छात्र उत्तीर्ण
Modified Date: May 2, 2026 / 07:19 pm IST
Published Date: May 2, 2026 7:19 pm IST

भुवनेश्वर, दो मई (भाषा) ओडिशा के विद्यालय एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने शनिवार को कहा कि राज्य में दसवीं कक्षा के 5.36 लाख विद्यार्थियों में से 95 प्रतिशत से अधिक ने बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण की है।

मंत्री ने राज्य मुक्त विद्यालय प्रमाणपत्र (एसओएससी) और मध्यमा परीक्षाओं के परिणाम भी घोषित किए।

गोंड ने बताया कि 10वीं कक्षा की परीक्षा के लिए पंजीकृत 5.44 लाख विद्यार्थियों में से 5.36 लाख छात्र 19 फरवरी से दो मार्च के बीच राज्य भर के 3000 से अधिक केंद्रों पर परीक्षा में शामिल हुए थे।

उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित इस परीक्षा में कुल 5.19 लाख छात्र (95.33 प्रतिशत) उत्तीर्ण हुए हैं।

इस वर्ष भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया और परीक्षा में 2,63,152 लड़कियां व 2,56,099 लड़के उत्तीर्ण हुए।

मंत्री ने बताया कि 2,456 विद्यार्थियों ने ए1 ग्रेड, 15,681 ने ए2, 43,565 ने बी1 और 86,103 ने बी2 ग्रेड प्राप्त किया।

इसी प्रकार, 1,29,813 विद्यार्थियों ने सी ग्रेड, 1,46,152 ने डी और 95,481 विद्यार्थियों ने ई ग्रेड प्राप्त किया।

मंत्री ने बताया कि 8,364 छात्र अनुपस्थित रहे जबकि 17,055 छात्र परीक्षा में अनुत्तीर्ण हुए।

गोंड ने कहा कि कुल 3,310 विद्यालयों में 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किए गए।

गजपति जिले में उत्तीर्ण प्रतिशत सबसे अधिक 99.31 रहा, जबकि क्योंझर जिले में सबसे कम 94.35 रहा।

गोंड ने बताया कि पहली बार बोर्ड अंग्रेजी के अलावा ओडिया भाषा में भी प्रमाण पत्र जारी करेगा।

छात्र शाम सात बजे से बीएसई की वेबसाइटों पर अपना परिणाम देख सकते हैं। बीएसई अध्यक्ष श्रीकांत तराई ने बताया कि पूरक परीक्षा के लिए पंजीकरण आठ मई से 18 मई तक चलेगा और परीक्षा जुलाई में आयोजित की जाएगी।

भाषा जितेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में