अभिनेता राहुल बनर्जी की मौत के मामले में ओडिशा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की
अभिनेता राहुल बनर्जी की मौत के मामले में ओडिशा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की
बालासोर, पांच अप्रैल (भाषा) ओडिशा के बालासोर जिले के तलसारी समुद्र तट पर बांग्ला भाषा के टीवी धारावाहिक की शूटिंग के दौरान अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक 43 वर्षीय बनर्जी 29 मार्च को शूटिंग के दौरान समुद्र के पानी में कथित तौर पर फिसलकर डूब गए थे। पुलिस के अनुसार अभिनेता को उनके सहयोगियों द्वारा दिघा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अभिनेता की पत्नी की शिकायत पर शनिवार रात तलसारी मरीन थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी, जिसमें किसी आपराधिक साजिश की संभावना भी शामिल है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
राहुल बनर्जी को 2008 की बंगाली फिल्म ‘चिरोदिनी तुमी जे आमार’ से पहचान मिली थी, जिसका निर्देशन राज चक्रवर्ती ने किया था। इस फिल्म में उनके साथ प्रियंका सरकार भी थीं और यह फिल्म बड़ी हिट साबित हुई थी।
वर्ष 2000 के दशक की शुरुआत में अपना करियर शुरू करने वाले बनर्जी ने इसके बाद कई बंगाली फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम किया। साथ ही उन्होंने एक लोकप्रिय पॉडकास्ट की मेजबानी भी शुरू की थी।
इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल मोशन पिक्चर आर्टिस्ट्स फोरम ने शनिवार को कोलकाता के रीजेंट पार्क थाने में निर्माताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
कोलकाता पुलिस ने इस शिकायत को ‘जीरो एफआईआर’ के रूप में दर्ज करते हुए आरोप लगाया है कि शूटिंग लापरवाही से की जा रही थी, जिससे लोगों की जान को खतरा हुआ।
भाषा रवि कांत रवि कांत संतोष
संतोष

Facebook


