ओडिशा पुलिस ने 2,100 करोड़ रु मूल्य का गांजा ज़ब्त किया, 1,911 करोड़ रु की भांग नष्ट की

ओडिशा पुलिस ने 2,100 करोड़ रु मूल्य का गांजा ज़ब्त किया, 1,911 करोड़ रु की भांग नष्ट की

ओडिशा पुलिस ने 2,100 करोड़ रु मूल्य का गांजा ज़ब्त किया, 1,911 करोड़ रु की भांग नष्ट की
Modified Date: July 1, 2026 / 09:45 pm IST
Published Date: July 1, 2026 9:45 pm IST

भुवनेश्वर, एक जून (भाषा) ओडिशा पुलिस ने जुलाई 2024 से मार्च 2026 के बीच राज्यव्यापी नशा विरोधी अभियान के दौरान 2,106 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा और 225 करोड़ रुपये मूल्य का हशीश तेल जब्त किया। इसके अलावा, 63,720 एकड़ में फैली भांग की अवैध खेती को भी नष्ट कर दिया। पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया ने बुधवार को यह जानकारी दी।

खुरानिया ने यहां राज्य-स्तरीय मुकदमा पूर्व मादक पदार्थ निस्तारण कार्यक्रम और मादक पदार्थों के खिलाफ सामूहिक शपथ समारोह को संबोधित करते हुए ये जानकारी दी।

डीजीपी ने बताया कि इस दौरान पूरे राज्य में 63,720 एकड़ से ज़्यादा ज़मीन पर हो रही भांग की अवैध खेती को नष्ट किया गया, और इस फसल की अनुमानित बाजार कीमत 1,911 करोड़ रुपये आंकी गई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत 2,445 मामले दर्ज किए, 2,106 करोड़ रुपये कीमत का 421 टन गांजा जब्त किया और मादक पदार्थ के कारोबार में शामिल होने के आरोप में 3,502 लोगों को गिरफ़्तार किया।

खुरानिया ने बताया कि कोरापुट और मलकानगिरी ज़िलों में पुलिस ने हशीश तेल बनाने वाली एक अवैध इकाई का भंडाफोड़ किया और लगभग 1,800 लीटर तेल जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 225 करोड़ रुपये है।

इस गिरोह से जुड़े होने के आरोप में चार लोगों को केरल से गिरफ़्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि ओडिशा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने कंधमाल, बौध और सोनपुर जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में भी काम करने वाले अंतर-राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ़्तार किया है।

उन्होंने बताया कि 26 जून से 10 जुलाई तक चल रहे मुकदमा पूर्व मादक पदार्थ निस्तारण के विशेष अभियान के दौरान, ओडिशा पुलिस ने जब्त किए गए 82 टन गांजे और 11.4 किलोग्राम ब्राउन शुगर को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1,000 करोड़ रुपये है।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में