ओडिशा: ‘क्रॉस-वोटिंग’ की आशंकाओं के बीच राज्यसभा की चार सीट के लिए मतदान जारी
ओडिशा: ‘क्रॉस-वोटिंग’ की आशंकाओं के बीच राज्यसभा की चार सीट के लिए मतदान जारी
भुवनेश्वर, 16 मार्च (भाषा) ओडिशा में राज्यसभा की चार सीट के लिए सोमवार को विधानसभा परिसर में मतदान जारी है।
विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस ने सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विधायकों की खरीद फरोख्त करने का आरोप लगाया है।
सुबह नौ बजे मतदान शुरू होते ही स्वास्थ्य एवं संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग ने सबसे पहले अपने मताधिकार का प्रयोग किया, उसके बाद राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने मतदान किया, जो दिल्ली में इलाज के बाद ओडिशा लौट आए थे।
विपक्ष के नेता और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने भी मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि विधानसभा परिसर में स्थित मतदान केंद्र पर कई विधायक मतदान करने के लिए कतार में खड़े थे।
भाजपा ने दो उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है, जिनमें राज्य इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल और राज्यसभा के मौजूदा सदस्य सुजीत कुमार शामिल हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप राय भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त है।
बीजद के उम्मीदवार पार्टी नेता संतृप्त मिश्रा और प्रख्यात चिकित्सक डॉ. दत्तेश्वर होता हैं, जिन्हें कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का समर्थन प्राप्त है।
चौथी सीट पर जीत के लिए न तो सत्तारूढ़ भाजपा और न ही विपक्षी दल बीजद के पास आवश्यक संख्या बल है, इसलिए ‘क्रॉस-वोटिंग’ की आशंका है।
बीजद के निलंबित विधायक सनातन महाकुड से पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के लिए वोट देने को कहा था। महाकुड ने कहा, ‘‘मैंने उस व्यक्ति के लिए वोट डाला है जो राज्य के हित में काम करेगा।’’
विपक्ष की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने रविवार को एक पत्र में महाकुड से कहा था कि निलंबित होने के बावजूद उन्हें पार्टी की विचारधारा का पालन करना चाहिए।
महाकुड ने बीजद नेतृत्व के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘बीजद ने मुझे बिना किसी वैध कारण के निलंबित कर दिया और विधानसभा में मेरी सीट बदल दी। उन्होंने मुझसे संपर्क भी नहीं किया है।’’
माकपा विधायक लक्ष्मण मुंडा ने कहा कि उन्होंने होता के पक्ष में अपना वोट डाला है।
राज्य में 12 साल के अंतराल के बाद राज्यसभा का चुनाव हो रहा है। इस बार दो अप्रैल को रिक्त होने वाली चार सीट के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में हैं।
ओडिशा की 147 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास 79 विधायक हैं और उसे तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है जबकि 15 जनवरी को दो विधायकों को निलंबित किये जाने के बाद बीजद के पास 48 विधायक हैं।
सदन में कांग्रेस के 14 विधायक और माकपा का एक विधायक है।
ओडिशा से राज्यसभा के मौजूदा सदस्य निरंजन बिशी व मुन्ना खान (बीजद) और सुजीत कुमार व ममता मोहंता (भाजपा) का कार्यकाल दो अप्रैल को समाप्त हो रहा है, जिस कारण ये सीट रिक्त हो रही हैं।
भाषा यासिर गोला
गोला

Facebook


