ओडिशा में वायु प्रदूषण कम करने के लिए शहरी क्षेत्रों में 6.95 लाख पौधे लगाए जाएंगे : माझी
ओडिशा में वायु प्रदूषण कम करने के लिए शहरी क्षेत्रों में 6.95 लाख पौधे लगाए जाएंगे : माझी
भुवनेश्वर, सात जुलाई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार ने वायु प्रदूषण कम करने और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए शहरी क्षेत्रों में 6.95 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
माझी ने यहां 77वें राज्यस्तरीय वन महोत्सव समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और भीषण गर्मी की समस्या से निपटने के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण ही एकमात्र दीर्घकालिक समाधान है।
उन्होंने कहा, ‘‘विकास और पर्यावरण दोनों को समान महत्व देते हुए ओडिशा ने वन संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनाई है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राज्य का हरित क्षेत्र 558 वर्ग किलोमीटर बढ़ा है, जिससे ओडिशा इस मामले में देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि ‘ग्रीन महानदी मिशन’ के तहत महानदी, तेल, इब, ब्राह्मणी, रुषिकुल्या, बैतरणी और वंशधारा नदियों के किनारे 1.5 किलोमीटर चौड़ी हरित पट्टी विकसित की जा रही है, ताकि नदियों में पूरे वर्ष जल प्रवाह बना रहे और पारिस्थितिकीय संतुलन कायम रहे।
माझी ने कहा कि वर्ष 2025-26 के दौरान 774 हेक्टेयर क्षेत्र में 5.65 लाख पौधे लगाए गए, जबकि वर्ष 2026-27 के लिए 2,702 हेक्टेयर क्षेत्र में करीब नौ लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि ‘हरित क्षेत्र विस्तार’ योजना के तहत इस वर्ष 358 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 15.93 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


