ओडिशा जल्द ही विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा: शाह

ओडिशा जल्द ही विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा: शाह

ओडिशा जल्द ही विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा: शाह
Modified Date: March 6, 2026 / 07:02 pm IST
Published Date: March 6, 2026 7:02 pm IST

(फोटो के साथ)

पारादीप, छह मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि ओडिशा जल्द ही देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा और अपने प्राकृतिक संसाधनों का सर्वोत्तम इस्तेमाल करके सबसे समृद्ध प्रदेश बन जायेगा।

शाह ने यहां ‘भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड’ (इफको) के सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र का उद्घाटन करने के बाद दावा किया कि भाजपा सरकार ओडिशा में विकास करेगी, जिसकी पिछली सरकारों के दौरान ‘‘उपेक्षा’’ की गई थी।

गृह मंत्री ने कहा, ‘‘ओडिशा की धरती के नीचे अपार संपदा है, लेकिन राज्य के लोग गरीब हैं। खनिज संपदा और विशाल समुद्री तट जैसे प्राकृतिक संसाधन ओडिशा को भारत का सबसे समृद्ध राज्य बना सकते हैं।’’

शाह ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “मैं आज ओडिशा में आपको यह आश्वासन देने आया हूं कि आपके द्वारा गठित ‘डबल इंजन’ सरकार के नेतृत्व में ओडिशा जल्द ही विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो जायेगा।’’

‘‘डबल इंजन’’ शब्द का इस्तेमाल भाजपा नेता उस स्थिति के लिए करते हैं, जब केंद्र और किसी राज्य—दोनों जगह उनकी ही पार्टी की सरकार होती है।

शाह ने कहा, ‘‘आपने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया है। अब, ‘डबल इंजन’ वाली सरकार उस राज्य में बदलाव लाएगी, जो अपार संभावनाओं के बावजूद उपेक्षित रहा।’’

देश में सहकारिता आंदोलन पर जोर देते हुए शाह ने कहा, ‘‘गुजरात की तरह ही, भाजपा सरकार ओडिशा में डेयरी उद्योग को बढ़ावा देगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और महिलाओं को सशक्त बनाया जा सकेगा।’’

शाह ने सहकारिता क्षेत्र और डेयरी विकास से संबंधित कई परियोजनाओं की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इनसे किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में