ओडिशा : महिला और उसके बेटे को हिरासत में प्रताड़ित करने के आरोप में महिला पुलिस निरीक्षक निलंबित

ओडिशा : महिला और उसके बेटे को हिरासत में प्रताड़ित करने के आरोप में महिला पुलिस निरीक्षक निलंबित

ओडिशा : महिला और उसके बेटे को हिरासत में प्रताड़ित करने के आरोप में महिला पुलिस निरीक्षक निलंबित
Modified Date: May 28, 2026 / 01:27 pm IST
Published Date: May 28, 2026 1:27 pm IST

भुवनेश्वर, 28 मई (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में स्थित तालचुआ मरीन पुलिस थाने की एक महिला पुलिस निरीक्षक को दुर्व्यवहार और कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों पर हिरासत में यातना देने का आरोप है।

यह कदम गिरिपाही गांव की अन्नपूर्णा मंडल (55) और उनके बेटे अनंत कुमार मंडल (31) द्वारा सोमवार को पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक संध्यारानी जेना और एक अन्य अधिकारी के खिलाफ पुलिस थाने के अंदर उन्हें ‘थर्ड डिग्री’ यातना देने का आरोप लगाने के बाद उठाया गया।

अन्नपूर्णा के पति मनोरंजन मंडल की लिखित शिकायत के आधार पर सोमवार को मां-बेटे को पुलिस थाने बुलाया गया। उन्होंने रविवार को घरेलू विवाद को लेकर अपनी पत्नी और बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

मां-बेटे ने आरोप लगाया कि हिरासत में उनके साथ मारपीट की गई, उन्हें लगभग चार घंटे तक शौचालय में बंद रखा गया और जबरन खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। महिला ने यह भी दावा किया कि उसके कपड़े उतार दिए गए और पुलिसकर्मियों ने उसके माथे से सिंदूर पोंछ दिया।

यह भी आरोप लगाया गया कि बेटे का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया था।

दोनों को कई चोटें आईं और बाद में उन्हें राजनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि प्रभारी निरीक्षक संध्यारानी जेना को ‘घोर दुर्व्यवहार और कर्तव्य की उपेक्षा के लिए निलंबित कर दिया गया है, जबकि उनके खिलाफ औपचारिक अनुशासनात्मक कार्यवाही विचाराधीन है’।

आदेश में कहा गया है कि निलंबन की अवधि के दौरान इंस्पेक्टर कटक के पुलिस महानिरीक्षक (सेंट्रल रेंज) के अनुशासनात्मक नियंत्रण में रहेगा।

केंद्रपाड़ा के पुलिस अधीक्षक को आदेश तामील करने और अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए सबूतों के साथ आरोप पत्र का मसौदा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

इस बीच, आरोपी निरीक्षक जेना ने सभी आरोपों से इनकार किया है।

भाषा तान्या रंजन

रंजन


लेखक के बारे में