उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के बाढ़ प्रभावित जिलों की स्थिति की समीक्षा की
उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के बाढ़ प्रभावित जिलों की स्थिति की समीक्षा की
नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बाढ़ प्रभावित जिलों के उपायुक्तों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर केंद्र शासित प्रदेश में भारी बारिश के बाद चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
यह बैठक मुख्यमंत्री द्वारा राजौरी और पुंछ जिलों में वर्षाजनित घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को छह-छह लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा के कुछ घंटे बाद हुई।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों से और लोगों के हताहत होने की खबरों के बीच स्थिति का जायजा लिया।
जम्मू क्षेत्र में रविवार से वर्षाजनित घटनाओं में 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सात अन्य लापता हैं। सबसे अधिक प्रभावित पुंछ जिले में 17 लोगों की मौत हुई है और छह लोग लापता हैं। इसके बाद राजौरी में तीन लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति लापता है। डोडा जिले में तीन लोगों की मौत हुई है और छह अन्य घायल हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए।
उमर अब्दुल्ला शुक्रवार को अपने पिता और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के साथ राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे थे, लेकिन पुंछ-राजौरी क्षेत्र में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के बाद उन्होंने अपना दौरा बीच में ही समाप्त कर रविवार को जम्मू पहुंचकर आपात समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की थी।
वह जम्मू-कश्मीर को जल्द राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सोमवार तड़के फिर दिल्ली लौट आए।
मुख्यमंत्री मंगलवार को श्रीनगर जाने वाले हैं, जहां भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में अब भी जलभराव बना हुआ है।
भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन

Facebook


