उमर ने पश्चिम एशिया संघर्ष तत्काल समाप्त करने की अपील की, आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान का हवाला दिया
उमर ने पश्चिम एशिया संघर्ष तत्काल समाप्त करने की अपील की, आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान का हवाला दिया
उधमपुर (जम्मू कश्मीर), 22 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पश्चिम एशिया संघर्ष को तत्काल समाप्त करने की अपील करते हुए बुधवार को कहा कि इसके परिणाम दुनिया भर में महसूस किए जा रहे हैं, जिनमें तेल की बढ़ती कीमतें और महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं में व्यवधान शामिल हैं।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कई अन्य देशों की तुलना में भारत में स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर बनी हुई है।
अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘जहां तक ईरान पर हमले के पीछे मौजूद कारणों की बात है, सिर्फ इसमें सीधे तौर पर शामिल देश – अमेरिका और इजराइल – ही बता सकते हैं, क्योंकि उनके इरादे स्पष्ट नहीं हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जो कुछ हुआ है वह गलत है, लेकिन इसे अब रोकना होगा।’’
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि इस युद्ध का असर वैश्विक स्तर पर महसूस किया जा रहा है।
तेल की बढ़ती कीमतों, घटती आपूर्ति और वैश्विक स्तर पर आवश्यक आपूर्ति श्रृंखलाओं में व्यवधान का हवाला देते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि कई देश, विशेष रूप से यूरोप में, पहले से ही गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं, जहां जहाजों के लिए ईंधन की राशनिंग की जा रही है।
उन्होंने संकट की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा, ‘‘हमारे पड़ोसी देश (पाकिस्तान) में विमानों को प्रवेश करने की अनुमति तो है, लेकिन ईंधन भरने की अनुमति नहीं है।’’
अब्दुल्ला ने कहा कि चुनौतियों के बावजूद भारत की स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर बनी हुई है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि लंबे समय तक चलने वाला युद्ध वैश्विक अशांति को और बढ़ा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम युद्ध के जल्द से जल्द समाप्त होने की आशा करते हैं।’’ उन्होंने बढ़ती अंतरराष्ट्रीय अनिश्चितता के बीच स्थिरता की आवश्यकता पर जोर दिया।
मंगलवार देर रात, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका, ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ाएगा, जो बुधवार को समाप्त होने वाला था, ताकि तेहरान को संभावित वार्ता से पहले एक ‘‘एकीकृत प्रस्ताव’’ तैयार करने का समय मिल सके।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश

Facebook


