राज्य का दर्जा बहाल करने के ‘अधूरे वादे’ को लेकर उमर ने भाजपा पर निशाना साधा

राज्य का दर्जा बहाल करने के ‘अधूरे वादे’ को लेकर उमर ने भाजपा पर निशाना साधा

राज्य का दर्जा बहाल करने के ‘अधूरे वादे’ को लेकर उमर ने भाजपा पर निशाना साधा
Modified Date: April 20, 2026 / 05:29 pm IST
Published Date: April 20, 2026 5:29 pm IST

जम्मू, 20 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र शासित प्रदेश का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा अब तक ‘अधूरा’ है और इस मुद्दे पर सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने राजौरी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र नौशेरा में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए विधायिकाओं में महिला आरक्षण को लागू करने के मुद्दे पर भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरा।

अब्दुल्ला ने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के बारे में कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। वे (भाजपा) कहते हैं ‘सही समय पर’। इस ‘सही समय’ का क्या मतलब है? मैं उनसे बार-बार पूछता हूं— हमें स्पष्ट बताएं। यदि आप कहते हैं कि यह आपका वादा है, आपने जुबान दी है, तो क्या आपकी जुबान की कोई कीमत नहीं है?’

उन्होंने कहा, ‘क्या हमें आपके वादों को इतना हल्का मान लेना चाहिए कि आप उन्हें हर जगह दोहराते हैं उच्चतम न्यायालय में, संसद में, रैली और चुनावों में और फिर पीछे हट जाते हैं?’

मुख्यमंत्री ने केंद्र से राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए एक स्पष्ट रूपरेखा बताने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘हमें बताएं कि यह ‘सही समय’ क्या है, ताकि हम उस दिशा में काम कर सकें। जिस तरह बच्चों की परीक्षा होती है, उन्हें पता होता है कि पास होने या प्रथम श्रेणी या ‘डिस्टिंक्शन’ के लिए कितने अंक चाहिए। इसी तरह, हमें बताएं कि वे कौन सी शर्तें हैं, जिन्हें पूरा करने पर हम उस लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं।’

अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी सरकार प्रतिबद्धताओं को पूरा कर रही है।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में