प्रधानमंत्री असम दौरे के दूसरे दिन सिलचर में 23,550 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे

प्रधानमंत्री असम दौरे के दूसरे दिन सिलचर में 23,550 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे

प्रधानमंत्री असम दौरे के दूसरे दिन सिलचर में 23,550 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे
Modified Date: March 14, 2026 / 08:50 am IST
Published Date: March 14, 2026 8:50 am IST

गुवाहाटी, 14 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी शनिवार को सिलचर में लगभग 23,550 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।

यह विधानसभा चुनावों से पहले असम के उनके दो दिवसीय दौरे का अंतिम चरण होगा।

अधिकारियों ने बताया कि गुवाहाटी में रात्रि प्रवास के बाद प्रधानमंत्री शनिवार सुबह सिलचर रवाना होंगे, जहां वह 22,860 करोड़ रुपये की शिलांग-सिलचर गलियारा परियोजना के लिए भूमि पूजन करेंगे। यह पूर्वोत्तर का पहला नियंत्रित प्रवेश-निकास वाला ग्रीनफील्ड द्रुतगति एक्सप्रेसवे होगा।

लगभग 22,860 करोड़ रुपये के निवेश से निर्मित 166 किलोमीटर लंबे इस गलियारे से मेघालय और असम के बीच संपर्क सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस परियोजना से गुवाहाटी और सिलचर के बीच की दूरी कम होगी और यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर लगभग पांच घंटे रह जाएगा, जिससे क्षेत्र में आर्थिक विकास और सीमा पार व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री कैपिटल प्वाइंट के पास ट्रंक रोड से सिलचर के रंगिरखारी प्वाइंट तक एनएच-306 पर बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर (चरण-1) का भूमि पूजन भी करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना से सिलचर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक पर ट्रैफिक कम होगा और मिजोरम, त्रिपुरा एवं मणिपुर जैसे पड़ोसी राज्यों से संपर्क बेहतर होगा और बराक घाटी के आर्थिक विकास में योगदान मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री करीमगंज जिले के पथारकंडी में एक नए कृषि महाविद्यालय की आधारशिला रखेंगे।

मोदी शुक्रवार को गुवाहाटी पहुंचे और उन्होंने लगभग 24,250 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की।

प्रधानमंत्री सिलचर से कोलकाता रवाना होंगे।

असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है।

भाषा सिम्मी सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में