थप्पड़ कांड पर केजरीवाल ने कहा, जेन जी ईमानदारी की उम्मीद करती है; वर्मा ने आप को दी ‘चेतावनी’
थप्पड़ कांड पर केजरीवाल ने कहा, जेन जी ईमानदारी की उम्मीद करती है; वर्मा ने आप को दी ‘चेतावनी’
नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को सीधे संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैं आपको चेतावनी देता हूं… आपको मैं याद हूं ना?’’ उन्होंने कहा कि वह विपक्षी पार्टी के ‘‘गुंडों’’ की सरकार के काम में बाधा डालने की कोशिश बर्दाश्त नहीं करेंगे।
यह वीडियो संदेश केजरीवाल द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना किए जाने के कुछ ही समय बाद आया। केजरीवाल ने कहा था कि देश की जेन-जी सरकार से ईमानदारी की उम्मीद करती है। उन्होंने यह टिप्पणी दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा तिलक नगर में सड़क का निरीक्षण करते समय उनका वीडियो बना रहे एक युवक को कथित तौर पर थप्पड़ मारने को लेकर की थी।
वर्मा ने आक्रामक तेवर में कहा, ‘‘वह व्यक्ति कोई जेन-जी नहीं है। वह एक गुंडा है, जिसके खिलाफ तीन महीने पहले नगर निगम (एमसीडी) के एक अधिकारी के साथ मारपीट करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उसे गिरफ्तार भी किया गया था।’’
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो भी पोस्ट किया था, इसमें उन्होंने कहा कि अगर सड़क निर्माण कार्य में कोई भ्रष्टाचार पाया जाता है तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि घटनास्थल पर मौजूद एक युवक को थप्पड़ मारा गया और जब ऐसी घटनाएं होती हैं तो भाजपा कैसे उम्मीद कर सकती है कि युवा उससे जुड़ेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘इस देश की जेन-जी आपसे ईमानदारी की उम्मीद करती है। वह आपसे स्पष्टवादिता की उम्मीद करती है।’’
केजरीवाल के जवाब में वर्मा ने कहा, ‘‘आपका यह जेन-जी वाला नाटक नहीं चलेगा।’’
वर्मा ने कहा, ‘‘अगर आप या आपके गुंडे, आपके विधायक भविष्य में दिल्ली सरकार के काम में बाधा डालने या हमारे अधिकारियों और ठेकेदारों को धमकाने की कोशिश करेंगे, तो मैं इसे बर्दाश्त नहीं करूंगा। मैं आपको चेतावनी देता हूं, आपको मैं याद हूं ना?’’
रविवार को वर्मा द्वारा एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर प्रसारित हुआ। यह घटना उस समय की है, जब मौके पर मौजूद तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह ने नई बिछाई गई सड़क की सतह का कुछ हिस्सा उखाड़कर उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाया। पास खड़ा युवक इस पूरी कार्रवाई का वीडियो बना रहा था, तभी वर्मा ने कथित तौर पर उसे थप्पड़ मार दिया।
केजरीवाल ने रविवार को आरोप लगाया कि स्थानीय निवासियों द्वारा सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाने के बाद वर्मा अपना आपा खो बैठे।
उन्होंने यह भी दावा किया कि तिलक नगर में बनाई गई सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे थे और दिल्ली पुलिस से मंत्री की सुरक्षा करने को कहा गया था।
उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया पर गतिविधियां चलाने की जरूरत नहीं है, बल्कि उसे पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
कथित थप्पड़ कांड के बाद विवादों में घिरे वर्मा ने अपने संदेश में कहा कि जब वह सरकार द्वारा कराए गए काम के बारे में शांतिपूर्वक बताने की कोशिश कर रहे थे, तभी जरनैल सिंह निरीक्षण स्थल पर पहुंच गए।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में वर्मा का बचाव करने वालों की भी आलोचना की।
भारद्वाज ने कहा, ‘‘उन सभी लोगों से, जो प्रवेश वर्मा की हिंसा का बचाव कर रहे हैं और 22 वर्षीय युवक को बदनाम कर रहे हैं। आपके तर्क के अनुसार, क्या मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को किसी कुत्ता प्रेमी द्वारा थप्पड़ मारा जाना सही था? उनका हिंसा का इतिहास रहा है, इसलिए क्या कोई भी उन्हें थप्पड़ मारकर बच सकता है?’’
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


