ईटानगर, 22 फरवरी (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी जिले में एक एसयूवी के शनिवार देर रात खाई में गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना यापिक गांव के निकट हुई जब चार लोग पश्चिम सियांग जिले के आलो की ओर एक एसयूवी से जा रहे थे।
टाटो पुलिस थाना प्रभारी सनी वांगसू ने बताया कि शनिवार मध्यरात्रि 12 बजे से एक बजे के बीच वाहन सड़क से फिसलकर 70-80 मीटर गहरी खाई में गिर गया।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान आलो निवासी व्यवसायी संदीप कुमार सैन (40) के रूप में की गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए टाटो स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया है।
उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज आलो जोनल अस्पताल में किया जा रहा है।
भाषा सिम्मी देवेंद्र
देवेंद्र