(Offline UPI Payment/ Image Credit: Paytm)
नई दिल्ली: Offline UPI Payment: भारत में डिजिटल पेमेंट को और आसान बनाने के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) एक नए ऑफलाइन UPI फीचर (Offline UPI Payment) पर काम कर रहा है। इस सुविधा के आने के बाद यूजर्स बिना इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क के भी UPI से भुगतान कर सकेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फीचर की मदद से सिर्फ फोन टैप करके पेमेंट किया जा सकेगा।
नए ऑफलाइन UPI सिस्टम (Offline UPI Payment) में NFC यानी नियर फील्ड कम्युनिकेशन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। NFC सपोर्ट वाले स्मार्टफोन को ऑफलाइन पेमेंट मशीन या टर्मिनल के पास टैप करके भुगतान किया जा सकेगा। खास बात यह होगी कि इसके लिए मोबाइल डेटा या वाई-फाई कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी। यह सुविधा उन जगहों पर काफी उपयोगी होगी जहां नेटवर्क की समस्या रहती है।
इस नए फीचर का सबसे बड़ा लाभ हवाई यात्रा करने वाले लोगों और मेट्रो यात्रियों को मिल सकता है। फ्लाइट के दौरान इंटरनेट सेवा बंद रहती है और कई बार अंडरग्राउंड मेट्रो में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होता। ऐसे में ऑफलाइन UPI टैप-एंड-पे सुविधा टिकट, छोटे भुगतान और खरीदारी जैसे कामों को आसान बना सकती है। इसके अलावा दूरदराज के इलाकों में भी यह सुविधा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दे सकती है। जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर रहती है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस ऑफलाइन UPI सुविधा में एक ट्रांजैक्शन की सीमा करीब 2,000 रुपये तक रखी जा सकती है। इसे छोटे और रोजमर्रा के खर्चों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। लोग इससे टिकट, किराया, छोटे बिल और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए आसानी से भुगतान कर पाएंगे। यह सुविधा डिजिटल पेमेंट को और ज्यादा भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
फिलहाल NPCI ने इस फीचर (Offline UPI Payment) की आधिकारिक लॉन्च तारीख और पूरी जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, इस पर तेजी से काम चल रहा है। लॉन्च होने के बाद यह UPI को इंटरनेट की सीमाओं से काफी हद तक मुक्त कर सकता है। भारत में UPI पहले ही डिजिटल भुगतान का बड़ा माध्यम बन चुका है। ऑफलाइन पेमेंट सुविधा आने के बाद यात्रा, सार्वजनिक परिवहन और कम नेटवर्क वाले क्षेत्रों में डिजिटल लेनदेन और भी आसान व तेज हो सकता है।