मणिपुर में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत

Ads

मणिपुर में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत

  •  
  • Publish Date - January 30, 2024 / 09:40 PM IST,
    Updated On - January 30, 2024 / 09:40 PM IST

इंफाल, 30 जनवरी (भाषा) मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार को एक शिविर पर अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में कम से कम एक ग्रामीण स्वयंसेवक की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

घटना इंफाल पश्चिम जिले से सटे लमशांग इलाके के कडांगबंद गांव के पास स्थित शिविर में हुई।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘अज्ञात बंदूकधारियों के हमला करने के बाद, ग्रामीण स्वयंसेवकों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक ग्रामीण स्वयंसेवक की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई के बाद पीछे हटे हमलावर दोबारा इकट्ठा हुए और फिर से हमला किया। गोलीबारी जारी है।’

उन्होंने बताया कि गोलीबारी शुरू होने के बाद कडांगबंद और पड़ोसी कौट्रुक गांव की कई महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सुरक्षित इलाकों की ओर भाग गए।

अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को इलाके में भेजा गया है। घायल व्यक्ति को इंफाल के क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया है।

भाषा जोहेब माधव

माधव