‘एक देश, एक चुनाव’ अगले 100 वर्षों तक भारत को मजबूत बनाएगा: जेपीसी अध्यक्ष
'एक देश, एक चुनाव' अगले 100 वर्षों तक भारत को मजबूत बनाएगा: जेपीसी अध्यक्ष
बेंगलुरु, 16 मई (भाषा) ‘एक देश, एक चुनाव’ पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष पी पी चौधरी ने शनिवार को कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ कराना देशहित में है।
उन्होंने कहा कि यदि इस साझा प्रणाली को सफलतापूर्वक लागू किया जाता है, तो देश के पास अगले 100 वर्षों के लिए एक स्थिर ढांचा होगा।
चौधरी ने पत्रकारों से कहा, “ ‘एक देश, एक चुनाव’ लागू होना चाहिए। विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ कराना देश के हित में है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका मतलब यह नहीं है कि सभी मतदान एक ही दिन होंगे। इसके बजाय, निर्वाचन आयोग की सुविधा के अनुसार चरणबद्ध तरीके से चुनाव कराए जाएंगे।
लोकसभा सदस्य ने इसे एक बड़ा चुनावी सुधार बताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियां इसे याद रखेंगी, क्योंकि इससे ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण को हासिल करने में मदद मिलेगी।
संयुक्त संसदीय समिति में लोकसभा सदस्य संबित पात्रा समेत अन्य सदस्य शामिल हैं। समिति ने दिन में पहले विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। जिनमें उपमुख्यमंत्री और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार, भाजपा की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र और पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली शामिल थे।
भाषा
प्रचेता प्रशांत
प्रशांत
प्रशांत

Facebook


