तेज रफ्तार कार ने तीन मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, चार घायल
तेज रफ्तार कार ने तीन मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, चार घायल
जयपुर, 19 मई (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले में पुष्कर थानाक्षेत्र की पुष्कर घाटी में सोमवार रात को तेज रफ्तार एक कार ने एक-एक कर तीन मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे एक युवक की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
थाना प्रभारी विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया कि पुष्कर से अजमेर आ रही एक तेज रफ्तार ‘फॉर्च्यूनर’ कार ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, फिर दो और मोटरसाइकिल को टक्कर मारी।
राठौड़ के अनुसार कार अनियंत्रित होकर दीवार से टकराकर रूक गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने घायलों को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान मोटरसाइकिल सवार रवि (35) की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि रवि के बहनोई– नगरा के निवासी जितेंद्र उर्फ सोनू घायल हो गये। दोनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे।
राठौड़ ने बताया कि दूसरी मोटरसाइकिल पर शास्त्री नगर के रोहित (22) अपने चाचा मधुसूदन वैष्णव (29) के साथ सवार थे तथा इस हादसे में दोनों घायल हो गए।
उन्होंने कहा कि तीसरी मोटरसाइकिल सवाल भी घायल हुआ, उसे भी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वह अस्पताल से बिना एंट्री करवाए चला गया।
उन्होंने बताया कि टक्कर मारने वाली कार श्रीश्याम मंदिर समिति के नाम पर पंजीकृत है।
थाना प्रभारी ने कहा कि हादसे के बाद कार में सवार लोग फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घायल कार चालक को ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया था लेकिन जब पुलिस अस्पताल पहुंची तो वह नहीं मिला।
पुलिस ने कहा कि कार से शराब की बोतलें मिली हैं, जिसे जब्त कर लिया गया है। रवि के परिजनों ने पुष्कर थाने में मामला दर्ज करवाया है।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार

Facebook


