जैसलमेर में कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत

Ads

जैसलमेर में कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 02:13 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 02:13 PM IST

जैसलमेर, 19 जुलाई (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर जिले में कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा शनिवार देर रात जैसलमेर-नेहड़ाई मार्ग पर मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के नेहड़ाई गांव के पास हुआ।

पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सामने से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते वह पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना देने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल चालक को जैसलमेर के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नेहड़ाई गांव निवासी फकीरा राम भील के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत