लखनऊ, 19 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत चार महीने से भी कम समय में 75 में से 56 जिलों के गांवों को बस सेवा से जोड़ा जा चुका है।
राज्य सरकार द्वारा रविवार को जारी एक बयान के मुताबिक मार्च 2026 में योगी सरकार की कैबिनेट बैठक के दौरान मंजूर की गई मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत चार महीने से भी कम समय में उत्तर प्रदेश के 75 में से 56 जिलों को ग्रामीण मार्गों पर बस सेवा से जोड़ा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही प्रदेश के हर गांव को बस सेवा से जोड़ने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के माध्यम से उन गांवों और ग्रामीण मार्गों को बस सेवा से जोड़ा जा रहा है, जहां अब तक नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों को परिवहन सुविधा से जोड़ते हुए ग्रामीण जनता को प्रखंड, तहसील व जिला मुख्यालय तक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।
अधिकारियों ने बताया कि साथ ही निजी बस संचालकों के सहयोग से उन मार्गों पर भी परिवहन सेवा शुरू की जा रही है, जहां उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसें सीमित संख्या में संचालित होती हैं।
भाषा सलीम संतोष
संतोष