मध्यप्रदेश के खरगोन में तेल से भरे टैंकर में विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत

Ads

मध्यप्रदेश के खरगोन में तेल से भरे टैंकर में विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 10:52 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 10:52 PM IST

खरगोन (मप्र), 12 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में रविवार को कच्चे तेल से भरे एक टैंकर में विस्फोट हो जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक और वेल्डिंग मैकेनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि जिले के कसरावद क्षेत्र के मगरखेड़ी गांव में वेल्डिंग के दौरान यह हादसा हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि टैंकर के लोहे के टुकड़े करीब 500 मीटर दूर तक जा गिरे।

खलटांका चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक वेल्डिंग वर्कशॉप में टैंकर के पिछले हिस्से की मरम्मत का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।

उन्होंने कहा कि धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

चौहान ने बताया कि हादसे के समय पास में बकरियां चरा रहे मगरखेड़ी निवासी भीम रोकड़े (45) भी घायल हो गए।

उन्हें तत्काल ठिकरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में टैंकर चालक और वेल्डिंग मैकेनिक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी

खारी