जम्मू, 16 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक जलविद्युत परियोजना स्थल के पास भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। वहीं, जिले के ऊंचाई वाले सिंथन टॉप क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बीच फंसे 230 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें महिलाएं एवं बच्चे शामिल हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम को देखते हुए एहतियात के तौर पर किश्तवाड़ और उससे सटे डोडा जिले में नगरपालिका सीमा से बाहर स्थित सभी शैक्षणिक संस्थानों को सोमवार के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात बारिश के कारण किश्तवाड़ जिले के डंगदुरु के पास एक जलविद्युत परियोजना स्थल पर भूस्खलन हो गया, जिसमें दो मजदूर मलबे में फंस गए।
उन्होंने बताया कि बाद में उनमें से एक श्रमिक की मौत हो गयी जबकि दूसरे को घायल अवस्था में मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
एक अन्य घटना में अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, सेना और नागरिक प्रशासन द्वारा चलाए गए संयुक्त बचाव अभियान में जम्मू क्षेत्र के किश्तवाड़ को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले से जोड़ने वाले सिंथन टॉप पर भारी बर्फबारी के बीच 38 वाहनों में सवार 235 यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने एसएसपी नरेश सिंह और 11 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग अधिकारी के साथ मिलकर इस बचाव अभियान की निगरानी की।
भाषा रंजन शोभना
शोभना